ताजा खबर

मध्य प्रदेश: नर्मदापुरम मॉब लिंचिंग मामले में कोर्ट ने 14 दोषियों को सुनाई उम्रक़ैद की सज़ा
15-Jun-2026 9:28 AM
मध्य प्रदेश: नर्मदापुरम मॉब लिंचिंग मामले में कोर्ट ने 14 दोषियों को सुनाई उम्रक़ैद की सज़ा

-शुरैह नियाज़ी

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम ज़िले के सिवनी मालवा में गो-तस्करी के संदेह में हुई एक चर्चित मॉब लिंचिंग के मामले में अदालत ने 14 लोगों को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई है.

क़रीब चार साल पुराने इस मामले में महाराष्ट्र के अमरावती निवासी नाज़िर अहमद की भीड़ की पिटाई के बाद मौत हो गई थी.

अतिरिक्त ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) तबस्सुम ख़ान की अदालत ने शुक्रवार को फ़ैसला सुनाते हुए सभी 14 अभियुक्तों को हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और रास्ता रोकने समेत विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराया.

फ़ैसले के बाद अदालत परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई. बड़ी संख्या में पहुंचे दोषियों के परिजनों ने सज़ा का विरोध किया. जब पुलिस दोषियों को जेल ले जाने लगी तो कुछ परिजन पुलिस वाहन के सामने लेट गए और उसे रोकने की कोशिश की.

इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया और दोषियों को जेल भेज दिया गया.

दोषियों के परिजनों का कहना है कि उनके बच्चे गो-सेवा के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे थे और उन्हें गलत तरीके से कठोर सज़ा दी गई है.

क्या था मामला?

यह घटना अगस्त 2022 की है. पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के अमरावती जा रहे एक ट्रक को सिवनी मालवा के बराखड़ गांव के पास रोक लिया गया था.

ट्रक में करीब 30 मवेशी लदे हुए थे. आरोप है कि ग्रामीणों और स्वयं को गो-रक्षक बताने वाले लोगों की भीड़ ने ट्रक में सवार तीन लोगों को घेर लिया और उनकी लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी.

हमले में घायल ट्रक चालक शेख लाला ने पुलिस को बताया कि सड़क पर 50 से 60 लोगों की भीड़ मौजूद थी. उनके अनुसार, भीड़ ने ट्रक रुकवाया और बिना किसी पूछताछ के मारपीट शुरू कर दी.

उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ तब तक हमला करती रही जब तक वे गंभीर रूप से घायल नहीं हो गए. घटना के बाद पुलिस तीनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां नाज़िर अहमद की मौत हो गई.

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें लोगों की भीड़ ट्रक सवारों पर लाठी-डंडों से हमला करती दिखाई दे रही थी. वीडियो में कुछ लोगों को बीच-बचाव करते हुए भी देखा गया, जिससे अन्य दो लोगों की जान बच सकी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट