ताजा खबर
-आसिफ़ अली
देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र में खेत में पानी छोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें भाजपा ओबीसी मोर्चा के ज़िला सोशल मीडिया सह-संयोजक विनोद कुमार की मौत हो गई.
पुलिस ने मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है, जबकि बाक़ी अभियुक्तों की तलाश जारी है.
ये घटना सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव की है.
देहरादून पुलिस ने बयान जारी किया है जिसके मुताबिक़, शनिवार शाम दो पक्षों के बीच खेत में पानी चलाने को लेकर विवाद हो गया. इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों के साथ मारपीट की, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां विनोद कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना में उनके भाई समेत तीन लोगों के घायल होने की ख़बर है.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और पिछले कुछ दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी भी हुई थी.
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को ये विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया.
मृतक के भाई अशोक कुमार की शिकायत पर सहसपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत 12 नामजद आरोपियों और 30 से 40 अन्य लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.
घटना के बाद कैसा है गांव का माहौल
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के आक्रोश के बीच अभियुक्तों के घर पर तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं.
क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी है. प्रशासन की ओर से बुलडोज़र के ज़रिए भी कार्रवाई की गई है.
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है.
पुलिस ने बताया कि अब तक रज़्ज़ाक, सलमान, जावेद और शहबाज़ नाम के चार अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दूसरे अभियुक्तों की गिरफ़्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और अफ़वाहों से बचने की अपील की गई है.
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है, "हत्याकांड के दोषियों पर बुलडोज़र चलना तो केवल इस बात का पहला प्रमाण है कि अपराध के प्रति भाजपा सरकार 'ज़ीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम करती है. हमें भरोसा है कि इस कार्रवाई में आगे हत्यारों और उनके संरक्षणकर्ताओं को भी ऐसी कठोरतम सज़ा दिलाई जाएगी कि आने वाली पीढ़ियां देवभूमि में जिहाद और अपराध की मानसिकता रखने से भी तौबा करने लगें." (bbc.com/hindi)


