ताजा खबर
-मोहर सिंह मीणा
कॉकरोच जनता पार्टी को जयपुर में सोमवार को पुलिस ने सशर्त प्रदर्शन करने की अनुमति दी है. इससे पहले पुलिस ने अनुमति देने से ने इनकार कर दिया था.
पुलिस के आदेशानुसार कॉकरोच जनता पार्टी को सोमवार दोपहर तीन बजे से रात सात बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी है.
पुलिस ने शर्त रखी है कि इस प्रदर्शन में आठ सौ लोगों से ज़्यादा एकत्रित नहीं हो सकते हैं.
कॉकरोच जनता पार्टी के समन्वयक शशि मीणा ने बीबीसी से कहा था कि पुलिस ने अनुमति नहीं दी है लेकिन फिर भी हम शहीद स्मारक पर ही प्रदर्शन करेंगे.
डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज वर्मा ने बीबीसी हिन्दी से फोन पर बताया था कि प्रदर्शन की कंडीशन की पालना नहीं होने के कारण अनुमति नहीं दी. लेकिन, कंडीशन की पालना करने पर अनुमति देंगे. सोमवार दोपहर बाद पुलिस ने आदेश जारी कर अनुमति दे दी है.
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बीबीसी से बताया है कि, "प्रशासन ने प्रदर्शन की अनुमति दे दी है. यह प्रदर्शन युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है."
रांका ने आगे बताया है कि, "बढ़ती बेरोज़गारी, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाएं, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, युवाओं के साथ हो रहे अन्याय तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य है."
उन्होंने बताया है कि प्रदर्शन में पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके, शिक्षाविद् सोनम वांगचुक समेत पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे." (bbc.com/hindi)


