ताजा खबर
सीएम नगरोत्थान योजना
रायपुर, 14 जून। डिप्टी सीएम अरुण साव ने रविवार को रायपुर के खम्हारडीह क्षेत्र में 2500 किलोलीटर क्षमता की बहुप्रतीक्षित पानी टंकी निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। सीएम नगरोत्थान योजना के तहत लगभग 20.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से करीब 2500 घरों को नियमित पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
परियोजना के तहत वार्ड क्रमांक 9, 10, 30 और 31 में दो किलोमीटर राइजिंग मेन पाइपलाइन तथा 25 किलोमीटर डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे इन चारों वार्डों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जल संकट की समस्या का समाधान होगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सीएम विष्णु देव साय और महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व में रायपुर का तेजी से विकास हो रहा है तथा राजधानी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि खम्हारडीह में नई पानी टंकी निर्माण का उनका वादा पूरा हो गया है। महापौर मीनल चौबे ने इसे क्षेत्र की जल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह दिन खम्हारडीह के इतिहास में विशेष रूप से याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, जल कार्य विभाग के अध्यक्ष संतोष सीमा साहू सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


