ताजा खबर

सरोना कंपोजिट शराब दुकान से 7 लाख पार
14-Jun-2026 2:07 PM
सरोना कंपोजिट शराब दुकान से 7 लाख पार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर , 14 जून । चोर कल रात सरकारी शराब दुकान में सेंधमारी कर गए।  सरोना के कंपोजिट शराब दुकान में घुसे चोर , 4 आनलाइन  पेमेंट वाले स्केनर और 7 लाख रुपए से भरा लाकर उखाड़ कर भाग निकले। इसके अलावा  सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर जैसे सबूत भी ले भागे। यह रकम शनिवार को बिकी देशी अंग्रेजी शराब की आय थी।

आज सुबह 10 बजे दुकान के सुपरवाइजर ने क्षेत्र अधिकारी नीलम स्वर्णकार को ताला टूटने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने नाइट ड्यूटी के गार्ड को फोन कर पूछताछ की। उसने बताया कि ड्यूटी के बाद सुबह  ताला बंद स्थिति में वह घर लौटा था। इतना कहकर उसने फोन स्विच ऑफ कर दिया है। इसके बाद आबकारी अधिकारी ने डीडी नगर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस डाग स्क्वाड के साथ दुकान पहुंच छानबीन शुरू की। जहां दुकान का मुख्य लोहे का गेट में लगा ताला टूटा हुआ था। और भीतर लाकर गायब था। डाग भी दुकान से कुछ दूरी तक जाकर भटक गया। समझा जा रहा है कि चोर इस दूरी के बाद  किसी वाहन से फरार हुए हों। यह दुकान हाइवे से लगी हुई है।
 पुलिस की एक टीम, फोन बंद होने से सुरक्षा गार्ड को लेने उसके घर भी भेजी गई है। 

इससे पहले 11 जून की रात लाखेनगर स्थित प्रीमियम शराब दुकान से भी बाटल स्कैनर चोरी कर ली गई थी। इसकी कीमत 20 हजार रुपए है। इसमें लिप्त चोर भी पकड़ से बाहर है। उस रात 8.30 बजे बिजली गुल का फायदा उठाकर यह चोरी की गई थी।


अन्य पोस्ट