ताजा खबर

आधी रात तक घर-घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री साहू, 35 परिवारों से संवाद कर गिनाईं 12 वर्षों की उपलब्धियां
14-Jun-2026 1:22 PM
आधी रात तक घर-घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री साहू, 35 परिवारों से संवाद कर गिनाईं 12 वर्षों की उपलब्धियां

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 14 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने देर रात तक बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र में  जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और समाज के प्रभावशाली लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 35 घरों में पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए तथा लोगों से संवाद किया।

अभियान के दौरान मंत्री साहू ने वरिष्ठ लोक कलाकार अनिल गढ़ेवाल, छॉलीवुड अभिनेता अखिलेश पांडेय, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के प्रदेश महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के विजन पर विस्तार से चर्चा की।

संवाद के दौरान साहू ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक का कालखंड भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों का दौर रहा है। इस अवधि में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। बीते 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ से अधिक नागरिकों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा रही है। वहीं महिला सशक्तिकरण की दिशा में 3 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनी हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के जरिए युवाओं, महिलाओं और छोटे उद्यमियों को करोड़ों ऋण उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण ने स्वच्छता के साथ महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को भी मजबूती दी है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के कारण भारत आज डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है।  

साहू ने कहा कि कभी हिंसा और भय का प्रतीक रहा रेड कॉरिडोर अब विकास, निवेश और हरित विकास की नई संभावनाओं का केंद्र बन रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों, सुरक्षा बलों के प्रयासों और विकास योजनाओं के कारण नक्सलवाद को बड़ा झटका लगा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए गए।  


अन्य पोस्ट