ताजा खबर

जिला जेल से फरार रेप का आरोपी आठ घंटे में गिरफ्तार
14-Jun-2026 12:21 PM
जिला जेल से फरार रेप का आरोपी आठ घंटे में गिरफ्तार

सुबह जेल की दीवार फांदकर भागा कैदी, रेलवे स्टेशन परिसर से दबोचा गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 14 जून। जिला जेल पेंड्रा रोड से दुष्कर्म के मामले में आरोपी कैदी के फरार हो गया। मगर, भागने के करीब आठ घंटे बाद पुलिस ने उसे पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बछरवार निवासी कुलदीप राठौर उर्फ पटेल को दुष्कर्म के मामले में 10 जून को गिरफ्तार कर जिला जेल भेजा गया था। शनिवार सुबह करीब 7 बजे बंदियों को दैनिक कार्यों के लिए बैरक से बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान उसने मौका पाकर जेल की दीवार फांद दी और फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल गौरेला पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और जेल कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। कई घंटों की खोजबीन के बाद आरोपी को शाम करीब 4 बजे पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन परिसर से पकड़ लिया गया।

जेल प्रहरी अखिलेश पांडेय की शिकायत पर बंदी क्रमांक 11726 के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे पुनः जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी सनीप रात्रे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में वापस भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट