ताजा खबर

धरमजयगढ़-लोहरदगा, विशेष रेल परियोजना अधिसूचित
13-Jun-2026 10:27 PM
धरमजयगढ़-लोहरदगा, विशेष रेल परियोजना अधिसूचित

सीएम ने आभार जताया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 जून।  धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किया गया है। सीएम विष्णु देव साय ने इसका स्वागत करते हुए कहा कि इससे जशपुर सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से जशपुर के विकास में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। लंबे समय से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे जशपुर जिले को इस परियोजना के माध्यम से पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक वैभव से समृद्ध जशपुर इस रेल परियोजना के जरिए देश के प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों से बेहतर ढंग से जुड़ सकेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, व्यापार, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे तथा वनांचल क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के विकास को निरंतर प्राथमिकता दे रही है। रेल, सड़क, ऊर्जा और अन्य आधारभूत अधोसंरचना परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना इसी संकल्प का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह परियोजना जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगी।


अन्य पोस्ट