ताजा खबर

खर्वे में 5 दिन में 8 मौतें, दफन शवों को बाहर निकाल रहे
13-Jun-2026 7:43 PM
खर्वे में 5 दिन में 8 मौतें, दफन शवों को बाहर निकाल रहे

गांव के ही एक व्यक्ति पर जहरीली शराब पिलाने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 13 जून। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के खर्वे गांव में 5 दिन में  शराब में जहर मिलाकर 8 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में गांव के ही एक व्यक्ति पर आठ लोगों को जहरीली शराब पिलाकर मारने का आरोप लगा है। एफएसएल की टीम जांच के लिए गांव में मौजूद है और साक्ष्य जुटाने का काम कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले की जांच के लिए सभी मृतकों के दफन शवों को बाहर निकाला जा रहा है। ताकि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक परीक्षण के जरिए मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं। फि़लहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि, आठ लोगों की मौतें वास्तव में जहरीली शराब के कारण हुईं या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। ऐसे में जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की जानकारी सामने आ सकेगी।

ज्ञात हो कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के खर्वे गांव में कथित जहरीली शराब से 5 दिन में 8 ग्रामीणों की मौत के बाद मंगलवार को गांव के सैकड़ों ग्रामीण कसडोल थाना पहुंचे थे और गांव के ही एक व्यक्ति पर लोगों को शराब पिलाकर उनकी जान लेने का गंभीर आरोप लगाया।

ग्रामीणों का दावा है कि गांव में शराब सेवन के बाद अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार मृतकों ने जिस शराब का सेवन किया था, वह कथित रूप से जहरीली थी। शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कसडोल थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी।


अन्य पोस्ट