ताजा खबर

अब माना एयरपोर्ट कार्गो हब की ओर बढ़ रहा - योगेश
13-Jun-2026 5:39 PM
अब माना एयरपोर्ट कार्गो हब की ओर बढ़ रहा - योगेश

कल यात्री सुविधा दिवस, पिछले साल 25 लाख यात्रियों की आवाजाही रही 

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर , 13 जून । एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया कल यात्री सुविधा दिवस मनाएगा। इस मौके पर रायपुर एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री योगेश ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने बीते 12 वर्ष में माना एयरपोर्ट में उपलब्ध कराई गई यात्री सुविधाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए एक अहम एविएशन हब के तौर पर काम करता है। इस एयरपोर्ट में एक आधुनिक इंटीग्रेटेड टर्मिनल, 3,250 मीटर 45 मीटर का एक रनवे (06/24), 13 एयरक्राफ्ट पार्किंग बे, CAT-II इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम  और एयरबस A321 जैसे विमानों के लिए जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं।
वर्ष 2014- 26 के दौरान हवाई अड्‌डे में एकीकृत आधुनिक टर्मिनल भवन, एयरोब्रिज, 3250 मीटर लंबा रनवे, उन्नत एटीसी सुविधाएं, CAT-II ILS प्रणाली, ADS-B निगरानी प्रणाली, अतिरिक्त पार्किंग बे एवं कार्गो सुविधाओं का विकास किया गया है।रायपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, इंदौर आदि प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के अंतर्गत भी कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिला है। एयरपोर्ट पर डिजी यात्रा , निःशुल्क वाई-फाई, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक लाउंज, बेहतर चेक-इन व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, बच्चों के खेलने कि जगह, चाइल्ड केयर सुविधाएं तथा यात्री शिकायत निवारण तंत्र उपलब्ध कराया गया है।

पिछले 12 वर्षों में यात्री संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 27 लाख से अधिक यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया, जिससे यह मध्य भारत के प्रमुख हवाई अड्डों में शामिल हुआ है।

 श्री योगेश ने बताया कि हवाई अड्डा छत्तीसगढ़ के इस्पात, खनन, ऊर्जा, कृषि एवं सेवा क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह निवेश आकर्षित करने, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने, रोजगार सृजन एवं पर्यटन विकास में सहायक है। अब यहां लॉजिस्टिक हब के रूप में कार्गो सेवाओं के माध्यम से फार्मास्यूटिकल्स, कृषि उत्पाद, ई-कॉमर्स सामग्री एवं औद्योगिक सामानों के परिवहन को बढ़ावा मिला है।

एएआई ने सीएसआर कार्यक्रमों के तहत स्कूलों में  शौचालय का निर्माण, 173 लाख रुपये की लागत से माना कैंप में  वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक नए वृद्धाश्रम का निर्माण किया।  वृद्धाश्रम की क्षमता 96 लोगो की है और इसमें छात्रावास आवास, शौचालय, डाइनिंग हॉल, रसोई, स्टोर रूम, प्राथमिक चिकित्सा कक्ष, प्रार्थना कक्ष और शामिल हैं।


अन्य पोस्ट