ताजा खबर

नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के प्रयास मामले में पुलिस पर पक्षपात के आरोप, एसएसपी की जांच अंतिम चरण में
13-Jun-2026 1:40 PM
नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के प्रयास मामले में पुलिस पर पक्षपात के आरोप, एसएसपी की जांच अंतिम चरण में

पीड़ित परिवार ने मेडिकल रिपोर्ट और जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल, एएसपी आज सौंपेंगी रिपोर्ट
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 13 जून। सिरगिट्टी क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पीड़ित परिवार ने एक बार फिर थाना प्रभारी और विवेचना अधिकारी पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों को बचाने के लिए मेडिकल परीक्षण में गड़बड़ी की गई और इसके लिए धन का लेन-देन हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को जांच सौंपी थी, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को सौंपी जानी है।

विवाद बढ़ने के बाद बच्चियों का दोबारा चिकित्सकीय परीक्षण सिम्स में पांच डॉक्टरों की टीम द्वारा कराया गया। मेडिकल बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि बच्चियों के निजी अंगों में कोई आंतरिक चोट नहीं मिली और न ही हाइमेन फटा हुआ पाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने यह भी उल्लेख किया कि केवल इन तथ्यों के आधार पर दुष्कर्म के प्रयास को पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता।

शुक्रवार को एएसपी पंकज पटेल ने सिरगिट्टी थाना पहुंचकर करीब चार घंटे के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज के अनुसार दोपहर 12:50 बजे पेट्रोलिंग टीम के आरक्षक रौनक पांडे और उनके सहयोगी नाबालिग आरोपी को लेकर थाना पहुंचे थे। आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे थाना परिसर में एक बेंच पर बैठाया गया। कुछ समय बाद शिकायतकर्ता पक्ष भी थाने पहुंच गया।

इसके बाद परिजनों और बच्चियों के बयान थाना परिसर के एक कक्ष में दर्ज किए गए। इसी दौरान विवेचना अधिकारी आरोपी से पूछताछ के लिए पहुंचे। आरोप है कि उस समय आरोपी नाबालिग और उसकी मां के साथ मारपीट की गई।

पीड़ित परिवार ने विवेचना अधिकारी शीतला प्रसाद त्रिपाठी पर घटना के बाद समझौता करने की सलाह देने का आरोप लगाया था। शिकायत सामने आने के बाद एसएसपी ने उन्हें लाइन अटैच कर दिया।  

सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह भी सामने आया कि विवाद के दौरान थाना प्रभारी अभय सिंह बैस कुछ मिनटों के लिए बाहर गए थे। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और विवेचना अधिकारी को तत्काल अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए।

एडिशनल एसपी रश्मित कौर चावला मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े सभी पहलुओं, सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट तथा संबंधित पक्षों के बयानों का परीक्षण कर लिया गया है। अब जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।


अन्य पोस्ट