ताजा खबर

योग दिवस से पहले कल ऑनलाइन योग सत्र, 21 जून को बहतराई खेल परिसर में होगा मुख्य आयोजन
13-Jun-2026 12:37 PM
योग दिवस से पहले कल ऑनलाइन योग सत्र, 21 जून को बहतराई खेल परिसर में होगा मुख्य आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 13 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन के लिए बिलासपुर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने योग फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) को योग दिवस की थीम निर्धारित किया है। इसी के अनुरूप जिले के सभी शासकीय विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों और सामाजिक संगठनों को अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवन का आधार है। उन्होंने सभी विभागों, संस्थानों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और नागरिकों से योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है।

आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 जून 2026 को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ बड़े स्तर पर सहभागिता के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाने का भी प्रयास किया जाएगा।

योग सत्र में शामिल होने के इच्छुक नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों और संस्थाओं को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिलेभर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन बहतराई स्थित खेल परिसर में होगा। शासकीय, अशासकीय, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाएं आयुष मंत्रालय द्वारा विकसित योग संगम पोर्टल पर अपने कार्यक्रमों का पंजीयन कर सकती हैं तथा आयोजन के बाद कार्यक्रम की जानकारी और तस्वीरें भी अपलोड कर सकेंगी।

कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि सभी संस्थाओं और नागरिकों के संयुक्त प्रयास से योग दिवस को जनआंदोलन का रूप दिया जाए, ताकि बिलासपुर की सहभागिता राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर एक मिसाल बन सके। 14 जून के ऑनलाइन योग सत्र से लेकर 21 जून के मुख्य आयोजन तक विशेष जनजागरूकता अभियान भी चलाया  जा रहा है।


अन्य पोस्ट