ताजा खबर

कोयला चोरी और मिलावट के खेल का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार
13-Jun-2026 12:31 PM
कोयला चोरी और मिलावट के खेल का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर आरोपियों को दबोचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 13 जून। बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में कोयला चोरी और उसमें मिलावट कर कंपनी को नुकसान पहुंचाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपराध दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को आर.के. पांडे ने सकरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दीपका कोयला खदान से भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिसिएशन प्राइवेट लिमिटेड के लोखंडी स्थित संयंत्र के लिए एफ/जी ग्रेड कोयले की खेप भेजी गई थी। 10 जून की सुबह जब कोयले से भरे तीन ट्रेलर संयंत्र पहुंचे तो प्रयोगशाला जांच में पाया गया कि कोयला निर्धारित गुणवत्ता का नहीं था।

जांच के दौरान ट्रेलर चालकों से पूछताछ की गई, जिसमें कथित तौर पर कोयला चोरी और मिलावट की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की चोरी कर उसकी जगह अन्य सामग्री मिलाकर खेप को भेजा था।

एसीसीयू टीम और खनिज विभाग के कर्मचारियों की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी आशिक हुसैन अंसारी, फैजान रजा अंसारी और फुजैल अंसारी के अलावा बिलासपुर निवासी गौरव राजपूत, सिबू खान तथा दुर्ग जिले के भिलाई निवासी दिलीप कुमार यादव शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें विधिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

सकरी थाना पुलिस, एसीसीयू टीम और खनिज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट