ताजा खबर
एक लाख के नुकसान की आशंका
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
पिथौरा, 12 जून। नगर से लगी कर्मचारी कॉलोनी में आज शॉर्ट सर्किट के कारण एक मूर्ति निर्माण गोदाम में अचानक आग लग गई। इस हादसे में गोदाम के भीतर रखी निर्माण सामग्री और अन्य सामान जल गए। आग की लपटों के कारण समीप स्थित एक बरगद का पेड़ भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे पेड़ को क्षति पहुँची है।
लोगों की सतर्कता से काबू
घटना स्थल के समीप ही एक पेंट (रंग-रोगन) की व्यावसायिक दुकान स्थित थी, जिसमें ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण खतरा अधिक था।
आग लगने के तुरंत बाद कॉलोनी के निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय स्तर पर आग को फैलने से रोकने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय निवासियों के इस प्रयास के कारण आग पेंट की दुकान तक नहीं पहुंच सकी और स्थिति अनियंत्रित होने से बच गई।
पिथौरा में दमकल गाड़ी नहीं, बागबाहरा से बुलाई
इस घटना के बाद क्षेत्र में आपातकालीन संसाधनों की कमी का मामला एक बार फिर सामने आया है। पिथौरा स्थानीय स्तर पर अग्निशमन (दमकल) वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते दुर्घटना के बाद बागबाहरा दमकल केंद्र से वाहन बुलाना पड़ा।
बागबाहरा से दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लगा। दूरी अधिक होने और वाहन पहुंचने में समय लगने के कारण गोदाम में नुकसान का दायरा बढ़ गया।
बागबाहरा से पहुंची दमकल टीम और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
प्रभावित कारीगर और स्थानीय सूत्रों से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में रखी मूर्ति निर्माण सामग्री, सांचे और अन्य उपकरण जलने के कारण करीब एक लाख का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।


