ताजा खबर
ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे, दो अंतरराज्यीय तस्कर बंदी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 12 जून। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बसंतपुर पुलिस एवं जिला एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 1941.110 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 16 चक्का टाटा ट्रक को भी जब्त किया है। बरामद गांजा और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग साढ़े 10 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश शर्मा निवासी सहारनपुर तथा आमिष अंसारी निवासी मुजफ्फरपुर (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा तथा पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के निर्देशन में थाना बसंतपुर पुलिस और एएनटीएफ की टीम द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने तथा एमसीपी चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को ओडिशा से उत्तरप्रदेश की ओर गांजे की बड़ी खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में छिपाकर रखे गए 1941.110 किलोग्राम गांजे की खेप बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा पहले से ही थाना बसंतपुर में दर्ज एक अन्य गांजा तस्करी प्रकरण में नामजद है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ है और उसके अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज एक बड़े गांजा तस्करी प्रकरण की विवेचना का परिणाम है। दरअसल, 29 दिसंबर 2025 को थाना बसंतपुर पुलिस ने एक टाटा ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। उस समय तस्करों ने नारियल की भूसी के भीतर गांजा छिपाकर परिवहन करने की कोशिश की थी। उस मामले में की गई एंड-टू-एंड जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस इस बड़े नेटवर्क तक पहुंचने में सफल हुई।
थाना बसंतपुर में अपराध धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों, गांजे के स्रोत, परिवहन श्रृंखला तथा खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बलरामपुर पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती की घटनाओं में शामिल मानी जा रही है। इससे अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और पुलिस को उम्मीद है कि आगे की जांच में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।


