ताजा खबर
पीड़ित परिवार की शिकायत पर एसएसपी ने जांच का आदेश दिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 12 जून। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली और नीयत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का आरोप है कि पुलिस निष्पक्ष जांच करने के बजाय आरोपी पक्ष को बचाने और मामले को रफा-दफा करने में जुटी है। इस मामले की शिकायत बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के साथ-साथ केंद्रीय गृहमंत्री से भी की गई है।
शिकायत के अनुसार, एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़का पिछले कई दिनों से चॉकलेट देने के बहाने 7 साल की दो सगी बहनों के साथ गलत हरकतें कर रहा था। बीती 27 मई को आरोपी ने दोनों बच्चियों को रस्सी से बांधकर उनके साथ दुष्कर्म किया और उनके साथ मारपीट भी की। इसी दौरान परिवार वालों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद वह वहां से भाग निकला। बच्चियों के मेडिकल परीक्षण में भी उनके निजी अंगों में चोट और गहरे मानसिक सदमे (ट्रॉमा) की पुष्टि हुई है।
पीड़ित बच्चियों की माताओं ने सिरगिट्टी पुलिस के रवैये पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस आरोपी को पकड़ने के बजाय उसकी मां के साथ बातचीत में व्यस्त थी। आरोप है कि आरोपी की मां ने पुलिसकर्मियों को 20,000 रुपये तक की रिश्वत की पेशकश की थी। भारी विरोध के बाद पुलिस ने 29 मई को आरोपी को हिरासत में तो लिया, लेकिन थाने में उसे और उसके परिवार को 'वीआईपी ट्रीटमेंट' दिया गया। परिजनों का कहना है कि जहां उन्हें कड़ी धूप में बिठाया गया, वहीं आरोपी की मां थाने में आराम से बैठी रही और आरोपी से उसके परिजनों को दिन में तीन-तीन बार मिलने की छूट दी गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना में इस्तेमाल की गई रस्सी और अन्य महत्वपूर्ण भौतिक सबूतों के बारे में पुलिस को तुरंत सूचित किया गया था, लेकिन पुलिस ने जानबूझकर उन साक्ष्यों को समय पर जब्त नहीं किया। इससे यह आशंका है कि मुख्य सबूतों को नष्ट कर दिया गया है। इसके अलावा, पुलिस ने आरोपी की मेडिकल रिपोर्ट को भी 'नील' (शून्य) दिखाया है, जिसे मामले को कमजोर करने की कोशिश माना जा रहा है।
पीड़ितों के अनुसार, सिरगिट्टी पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद भी तुरंत एफआईआर दर्ज नहींकी थी। पीड़ित परिवार सुबह से देर रात तक थाने और अधिकारियों के चक्कर काटता रहा। वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही मामला दर्ज हो सका। अब आरोप है कि सिरगिट्टी थाना प्रभारी और जांच अधिकारी परिवार पर यह कहकर 'समझौता' करने का मानसिक दबाव बना रहे हैं कि आरोपी पड़ोसी और परिचित है, इसलिए बात को यहीं खत्म कर देना चाहिए। यही नहीं, बार-बार की पूछताछ से मासूम बच्चियों को भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने अपनी शिकायत में मांग की है कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ और स्वतंत्र अधिकारी से कराई जाए, घटना से जुड़े सभी सबूतों को तुरंत वैज्ञानिक और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाए, एफआईआर दर्ज करने में देरी और सबूत जुटाने में लापरवाही की अलग से जांच हो, सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह बैस, उप-निरीक्षक शीतल प्रसाद त्रिपाठी और जांच अधिकारी संतोषी अग्रवाल की भूमिका की विभागीय जांच कर उन्हें पद से हटाया जाए, जांच पूरी होने तक इन सभी संबंधित अधिकारियों को इस केस से पूरी तरह दूर रखा जाए साथ ही पीड़ित बच्चियों और उनके पूरे परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा दी जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा है कि सिरगिट्टी क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले में जांच अधिकारी और कुछ अन्य पुलिसकर्मियों पर भी लापरवाही के आरोप लगे हैं। गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हर हाल में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होगी और पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिलेगा।


