ताजा खबर

बिलासपुर में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात
12-Jun-2026 11:59 AM
बिलासपुर में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात

तीन माह से फरार इनामी आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 12 जून। सरकंडा पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और गर्भपात कराने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसे महाराष्ट्र के नागपुर से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने सरकंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि कोनी थाना क्षेत्र के पौसरा निवासी 26 वर्षीय अजय कुमार बघेल पिछले चार वर्षों से उससे संपर्क में था। इस दौरान वह लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा।

शिकायत में कहा गया है कि 4 नवंबर 2024 को आरोपी ने शादी का वादा कर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार विवाह का भरोसा देकर उसका यौन शोषण करता रहा। यह सिलसिला जून 2025 तक चलता रहा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अप्रैल 2025 में वह गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि आरोपी ने एक माह के गर्भ को समाप्त करने के लिए उसे जबरन दवा खिलाई, जिससे गर्भपात हो गया।

इसके बाद आरोपी और उसके परिजनों ने सामाजिक स्तर पर विवाह करने का भरोसा भी दिलाया था। नारियल फोड़कर शादी का आश्वासन दिए जाने की बात भी सामने आई है, लेकिन बाद में आरोपी विवाह से मुकर गया और पीड़िता से संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मामला कायम किया गया। जांच शुरू होते ही आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर स्थित एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में घेराबंदी कर आरोपी अजय कुमार बघेल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 


अन्य पोस्ट