ताजा खबर
ओमान कोस्ट के पास अमेरिका के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
एक बयान में कांग्रेस ने कहा, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ओमान के तट पर तीन भारतीय नाविकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करती है. हम उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े हैं.''
कांग्रेस ने आगे कहा, ''अमेरिका की उन लापरवाह सैन्य कार्रवाइयों की भी कड़ी निंदा करते हैं, जिन्होंने इस क्षेत्र में आम नागरिकों के जहाज़ों और समुद्री कर्मियों की सुरक्षा को ख़तरे में डाल दिया है. प्रधानमंत्री ने बार-बार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को एक कूटनीतिक उपलब्धि के तौर पर पेश किया है.''
''वे अपनी ज़िम्मेदारी से तब पीछे नहीं हट सकते जब वही संबंध भारतीयों की जान और हितों की रक्षा करने में नाकाम साबित हों.''
बुधवार यानी 10 जून को एमटी सेटेबेलो जहाज़ पर हमला हुआ था, इसमें 24 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे. इस हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए. बाकी 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया.
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बीते चार दिनों में भारतीय क्रू मेंबर्स वाले कम से कम तीन जहाज़ों पर हमला हुआ है.
8 जून को एमटी मारिवेक्स जहाज़ पर हमला हुआ था, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे. हालांकि, बाद में इन्हें सुरक्षित बचा लिया गया. ओमान स्थित भारत के दूतावास ने इसकी पुष्टि की थी.
एमटी जलवीर जहाज़ पर 11 जून को हमला होने की सूचना सामने आई. इस पर 20 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे. हालांकि हमले में कोई घायल नहीं हुआ है. (bbc.com/hindi)


