ताजा खबर

मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीनों सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार निर्विरोध जीते
12-Jun-2026 9:29 AM
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीनों सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार निर्विरोध जीते

-विष्णुकांत तिवारी

मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीनों सीटों पर बीजेपी के तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध सदस्य निर्वाचित कर दिया गया है.

बीजेपी के तीन उम्मीदवार तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट अब राज्यसभा के नवनिर्वाचित सांसद बन गए हैं.

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने को लेकर राजनीतिक और कानूनी विवाद जारी है.

कांग्रेस इस फैसले को चुनौती देते हुए चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट दोनों का दरवाजा खटखटा चुकी है.

सुप्रीम कोर्ट ने मामले में शुक्रवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई है. वहीं, कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग से शिकायत किए जाने के बावजूद उसे अब तक कोई राहत नहीं मिली है.

कांग्रेस का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन बिना पर्याप्त कानूनी आधार के और राजनीतिक कारणों से रद्द किया गया.

पार्टी का आरोप है कि रिटर्निंग अधिकारी का फैसला मनमाना और पक्षपातपूर्ण था.

वहीं, बीजेपी का कहना है कि नामांकन पत्र के साथ दाख़िल हलफनामे में आवश्यक जानकारी का ख़ुलासा नहीं किया गया था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई.(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट