ताजा खबर

टीएमसी के विलय की चर्चाओं पर बोले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल
12-Jun-2026 9:28 AM
टीएमसी के विलय की चर्चाओं पर बोले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विलय की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है.

कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस-टीएमसी से विलय के दावों को 'आधारहीन अफ़वाह' बताया है.

गुरुवार को कांग्रेस की ओर से बुलाई गई एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान वेणुगोपाल से पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने ऐसा कोई प्रस्ताव दिया है या फिर टीएमसी ने ऐसा कोई अनुरोध किया है?

इस पर उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ मिलकर जो चर्चा की, वह केवल इंडिया गठबंधन को मज़बूत बनाने से जुड़ी थी."

साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में कांग्रेस के महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने पहले ही स्थिति साफ कर दी थी.

वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार को एक्स पर लिखा, ''कुछ मीडिया रिपोर्टों में सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच हुई मुलाक़ात को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे पूरी तरह से ग़लत हैं."

"यह मुलाक़ात बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई थी. दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंध रहे हैं, इसलिए बातचीत के दौरान कई निजी विषयों पर भी चर्चा हुई.''

कांग्रेस ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के चलते यह बैठक हुई थी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट