ताजा खबर
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की कार्रवाई
रायपुर, 11 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त शिकायतों पर रायपुर जिले में कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रेत के अवैध कारोबार एवं शासकीय भूमि पर अवैध भंडारण की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया।
खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आरंग विकासखंड के समोदा, कुरूद, मोहमेला तथा कुटेला क्षेत्रों में जांच की। सुशासन तिहार 2026 के दौरान ग्राम कुटेला में तालाब क्षेत्र में रेत पाटने की शिकायत भी प्राप्त हुई थी।
मौके पर जांच के दौरान ग्राम कुटेला-चिखली मुख्य मार्ग के किनारे स्थित शासकीय भूमि पर प्रस्तावित तालाब क्षेत्र में बिना अनुमति के 90 ट्रैक्टर एवं 80 हाईवा रेत का अवैध भंडारण पाया गया। ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में उक्त अवैध रेत भंडारण को जप्त किया गया। साथ ही अवैध भंडारण स्थल तक पहुंचने वाले रैंप मार्ग को जेसीबी मशीन से काटकर बंद कर दिया गया, जिससे अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जा सके।
प्रशासन ने अवैध भंडारण करने वाले संबंधित व्यक्ति को जवाब प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किया है। वहीं रेत के अवैध परिवहन एवं भंडारण में संलग्न तीन वाहनों को भी जब्त कर आरंग थाना के सुपुर्द किया गया है।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश एवं उप संचालक खनिज राजेश मालवे के मार्गदर्शन में
खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत अवैध भंडारणकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।


