ताजा खबर

टीआई पर मारपीट और घूस लेने का आरोप
11-Jun-2026 2:04 PM
टीआई पर मारपीट और घूस लेने का आरोप

पेट्रोल लेकर पानी टंकी पर चढ़े दो युवक

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

कोरबा, 11 जून। कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवक पुलिस कार्रवाई के विरोध में गांव की पानी टंकी पर चढ़ गए। युवकों ने हरदीबाजार थाना प्रभारी पर मारपीट और 23,500 रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए उनकी बर्खास्तगी की मांग की। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी भी दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, नेवसा गांव निवासी रफीक मोहम्मद (22) और दीपेश निर्मलकर (23) सुबह पानी टंकी पर चढ़ गए। दोनों के हाथ में पेट्रोल भी होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी युवकों को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।

टंकी पर चढ़े युवकों का आरोप है कि मंगलवार को पुलिस ने उन्हें सिरली गांव के पास से पकड़ लिया था। इसके बाद थाने ले जाकर जुआ संचालन के आरोप में डंडों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की गई। उन्हें दीपका ले जाकर जबरन ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए, जिनमें यह उल्लेख था कि भागने के दौरान गिरने से उन्हें चोट लगी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने उन्हें छोड़ने के एवज में 23,500 रुपये भी लिए। इसके बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई और बाद में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छोड़ दिया गया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने भी पुलिस पर घरों में घुसकर लोगों को उठाने और अनावश्यक दबाव बनाने के आरोप लगाए। वहीं अनवर अली नामक व्यक्ति की पत्नी शफीना बेगम ने दावा किया कि पुलिस मंगलवार को उनके पति को घर से लेकर गई थी। उनका कहना है कि इसके बाद अगले दिन पुलिसकर्मी उनके घर आकर उन्हीं से उनके पति के बारे में पूछताछ करने लगे।

शफीना बेगम ने आरोप लगाया कि उनके पति चार दिनों से घर नहीं लौटे हैं और इस पूरे मामले के लिए उन्होंने पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है।

दूसरी ओर हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डड़सेना ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ संचालन करते हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ा था और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई। रिश्वत लेने और मारपीट के आरोप निराधार हैं।

समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे तथा दोनों युवकों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी है। घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए हैं।

 


अन्य पोस्ट