ताजा खबर

सीजी-एमपी में चोरी की वारदातों से दहशत फैलाने वाला गिरोह गिरफ्तार
11-Jun-2026 1:08 PM
सीजी-एमपी में चोरी की वारदातों से दहशत फैलाने वाला गिरोह गिरफ्तार

छह आरोपियों से लाखों के सोना-चांदी और लग्जरी गाड़ी बरामद

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 11 जून। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तकनीकी विश्लेषण, साइबर इनपुट, मुखबिरों की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवर, वाहन, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ महीनों से मरवाही, पेंड्रा, कोटमी और सिवनी थाना क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देशन तथा जीपीएम जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में विशेष अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस को संगठित गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जीपीएम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में भी चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर करीब 38 तोला सोना एवं सोने के आभूषण, लगभग डेढ़ किलो चांदी और चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदी गई एक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन, दो मोटरसाइकिल, कई एप्पल मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त कटर मशीन, जैक रॉड, हथौड़ा, छेनी और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

जांच में सामने आया कि गिरोह ने सकोला, सेखवा, अड़भार, दानीकुंडी, निमधा सहित जीपीएम जिले के विभिन्न गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। वहीं मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के खुंटाटोला में हुई चोरी की घटना का भी खुलासा इसी कार्रवाई से हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों में परमेश्वर गोस्वामी उर्फ रवि, सूरज गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, प्रणय पांडेय, विशाल जादव उर्फ विशु और शरद कटकर शामिल हैं। सभी आरोपी जीपीएम जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई बड़ी चोरी और नकबजनी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। मामले में आगे भी पूछताछ जारी है और पुलिस को अन्य वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट