ताजा खबर
कल दिल्ली में बनेगी रणनीति, खरगे से बैज की मुलाकात
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
नई दिल्ली/रायपुर ,10 जून। नीट, सीयूईटी और सीबीएसई से जुड़े छात्र हितों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन की तैयारी कर रही है। पार्टी इन विषयों पर राष्ट्रीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक अभियान चलाने की रूपरेखा बना रही है। इसके लिए गुरुवार को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।
बैठक में कांग्रेस के सभी महासचिव, राज्यों के प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज दिल्ली पहुंचे, और उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। उन्हें नगरीय निकाय चुनाव नतीजों से अवगत कराया।
खरगे के साथ राज्यों की बैठक का मुख्य उद्देश्य नीट, सीयूईटी और सीबीएसई से जुड़े विवादों पर आंदोलन की दिशा तय करना, युवाओं और छात्रों से संवाद बढ़ाना तथा जनसंपर्क अभियान को मजबूत करना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, छात्र संगठन भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक नीट में प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा संचालन, सीयूईटी में तकनीकी गड़बड़ियों एवं प्रवेश प्रक्रिया में देरी तथा सीबीएसई की मूल्यांकन व्यवस्था को लेकर छात्रों में असंतोष है। पार्टी इन मुद्दों को लेकर जिला स्तर पर प्रदर्शन, छात्र बैठकों और जनजागरण अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। बैठक के बाद आंदोलन की औपचारिक घोषणा और आगे की कार्ययोजना सामने आ सकती है।


