ताजा खबर
सेन्ट्रल जीएसटी टीम की बड़ी कार्रवाई
रायपुर, 10 जून। सेंट्रल जीएसटी ने मध्यप्रदेश के कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल को गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, जयदीप सिंह चंदेल और उनकी कंपनी मेरिडियन स्टील्स एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड पर फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेने का आरोप है।
सीजीजीएसटी को सूचना मिली थी कि कंपनी बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के फर्जी इनवॉइस के आधार पर टैक्स लाभ ले रही है। इसके बाद 28 नवंबर 25 को कंपनी के ठिकानों पर सर्च और जांच की गई। जांच के दौरान कई दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए।
विभाग का दावा है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी ने कथित रूप से फर्जी और अस्तित्वहीन फर्मों के बिलों के आधार पर करीब 15.14 करोड़ रुपए का अवैध ITC लिया। इसके अलावा जीएसटी रिटर्न की जांच में लगभग 1.98 करोड़ रुपये के अतिरिक्त टैक्स लाभ का मामला भी सामने आया। इस तरह कुल 17.13 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी ITC लेने का आरोप लगाया गया है।
जांच के दौरान जयदीप सिंह चंदेल का बयान भी दर्ज किया गया। दस्तावेजों के मुताबिक उसने DRC-03 के तहत 19.98 लाख रुपये जमा कराए हैं।सीजीजीएसटी का कहना है कि जिन कंपनियों के माध्यम से टैक्स क्रेडिट लिया गया, उनमें से कई के जीएसटी पंजीकरण पहले ही रद्द किए जा चुके थे। विभाग इसे फर्जी बिलिंग और कर चोरी का संगठित मामला मान रहा है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।


