ताजा खबर

ट्रक से टकराई कार, शिक्षा मंत्री के भांजे समेत 4 गंभीर
10-Jun-2026 5:16 PM
ट्रक से टकराई कार, शिक्षा मंत्री के भांजे समेत 4 गंभीर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 10 जून।
राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत सुकुरपाल के पास बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ओडिशा के शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के भांजे, उनके निज सहायक क्षेत्रीय, शिक्षक और किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल कोण्डागांव में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि, ओंडरी निवासी शिक्षक एवं वाहन चालक मोहरधन ध्रुव (42) अपनी कार से ओडिशा के शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के भांजे यशवंत समरथ (42), मंत्री के निज सहायक क्षेत्रीय श्यामलाल कलार (32) तथा किसान तम्मन गोंड (50) के साथ जगन्नाथ पुरी से लौट रहे थे। सभी उमरकोट की ओर से कोण्डागांव होते हुए यशवंत समरथ को भानपुरी छोडऩे जा रहे थे।

इसी दौरान सुकुरपाल के पास उनकी कार ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल कोण्डागांव लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट