ताजा खबर

नाबालिग से रेप, चुप रहने 1.30 लाख लेने वाला दादा समेत तीन गिरफ्तार
09-Jun-2026 7:55 PM
नाबालिग से रेप, चुप रहने 1.30 लाख लेने वाला दादा समेत तीन गिरफ्तार

रायपुर, 9 जून। दो माह पहले हुए सिलतरा गैंगरेप मामले में पुलिस ने दो बिचौलियों सहित पीड़िता के दादा को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि 1. 30 लाख रुपए लेकर घटना  को दबाए रखा। पुलिस ने दादा से 01 लाख नगद जप्त किया है।

चौकी सिलयारी क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। बीते 18 अप्रैल को दर्ज प्रकरण में पुलिस ने नए सिरे से विवेचना करते हुए दो दुष्कर्म आरोपियों को दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

मामले की आगे की  जांच में आगे बढ़ाने पर पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले । इसमें  पता चला कि पीड़िता के दादा, जो अब तक पुलिस पर आरोप लगा रहे थे, उन्होंने स्वयं अपनी पोती  से संबंधित दुष्कर्म के मामले को दबाने का प्रयास किया था। जांच में यह तथ्य सामने आया कि उन्होंने आरोपी ईश्वर घृतलहरे के परिजनों से दुष्कर्म की घटना को छिपाने के एवज में 01 लाख 30 हजार रूपये नगद प्राप्त किए थे। इस लेन-देन का वीडियो भी बनाया गया था। साथ ही, उन्होंने दूसरे आरोपी को फोन कर धमकी भी दी थी।

जांच में यह भी पाया गया कि पीड़िता के दादा ने अपने पूर्व कथनों में अपनी पोती के साथ किसी प्रकार की घटना होने से इनकार किया था। बाद में, लोगों से यह सुनने के बाद कि दुष्कर्म के मामले में शासन से 04 लाख रूपये की सहायता राशि मिल सकती है, उन्होंने पुनः जांच कराने आवेदन प्रस्तुत किया था।

इस प्रकार गंभीर अपराध के मामले को धन लेकर दबाने के आरोप में पुलिस ने पीड़िता के दादा, सीताराम मेडिकल स्टोर के संचालक चन्द्रशेखर यदु तथा टुकेन्द्र वर्मा  को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


अन्य पोस्ट