ताजा खबर

कैरम सेंटर में सिगरेट को लेकर शुरू हुआ विवाद, हत्या के प्रयास मामले में 6 आरोपी और 2 नाबालिग गिरफ्तार
09-Jun-2026 6:24 PM
कैरम सेंटर में सिगरेट को लेकर शुरू हुआ विवाद, हत्या के प्रयास मामले में 6 आरोपी और 2 नाबालिग गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

भिलाई नगर, 9 जून। भिलाई के कैम्प-02 स्थित एक कैरम सेंटर में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिगरेट मांगने की बात पर शुरू हुए झगड़े के बाद एक युवक के साथ मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में छावनी पुलिस ने फरार चल रहे 6 आरोपियों और 2 अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है।

सिगरेट मांगने की बात पर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को प्रार्थी मोहम्मद वसीम ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। वह अहमद नगर स्थित एक कैरम सेंटर में बैठा हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उससे सिगरेट मांगी। हालांकि उसने सिगरेट दुकान संचालक से मांगने की बात कही, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

आरोपियों ने बुलाए साथी, फिर की मारपीट

इसके बाद आरोपी ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने गला दबाकर तथा नुकीली वस्तु से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई थी।

लगातार तलाश के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी

वहीं, मामले में कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था। इसके अलावा फरार आरोपियों और दो अपचारी बालकों की लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

आपसी रंजिश और विवाद बना वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिगरेट मांगने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में आपसी रंजिश और हिंसक झगड़े में बदल गया। नतीजतन हत्या के प्रयास जैसी गंभीर वारदात सामने आई।


अन्य पोस्ट