ताजा खबर

हाथी के हमले में 2 मजदूर की मौत
08-Jun-2026 5:57 PM
हाथी के हमले में 2 मजदूर की मौत

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 8 जून।
गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात सड़क निर्माण में लगे दो मजदूरों की हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग ने जनकपुर रेंज क्षेत्र में एक लोनर (अकेला) हाथी के विचरण की संभावना को देखते हुए आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात लगभग 11 से 11.30 बजे के बीच सोनहत वन परिक्षेत्र अंतर्गत देवसील गांव की आगे बस्ती में सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूर दिनभर की मेहनत के बाद भोजन कर विश्राम कर रहे थे। मजदूरों ने ठंड और जंगली जानवरों से बचाव के लिए आग जला रखी थी। इसी दौरान अचानक एक हाथी वहां पहुंच गया और सो रहे मजदूरों पर हमला कर दिया।
हाथी के हमले में गौरव पिता पूरन की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल अमर सिंह पिता जयकरण को उपचार के लिए सोनहत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से लगभग चार किलोमीटर पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

इस घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का वातावरण बना हुआ है। मजदूरों और ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। वन विभाग द्वारा पंचनामा एवं अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इधर, पार्क परिक्षेत्र जनकपुर के रेंजर ने बताया कि 8 जून को जनकपुर रेंज क्षेत्र में एक अकेले हाथी के विचरण की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

वन विभाग की महत्वपूर्ण सलाह
सूर्यास्त के बाद एवं सूर्योदय से पहले जंगल क्षेत्र में पैदल या मोटरसाइकिल से आवागमन न करें। हाथी दिखाई देने पर उसके निकट जाने का प्रयास न करें। फोटो या वीडियो बनाने के लिए हाथी के पास न जाएं। किसी भी परिस्थिति में हाथी को उकसाने या उसका पीछा करने की कोशिश न करें। हाथी की उपस्थिति अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें।
 


अन्य पोस्ट