ताजा खबर

सनसनी फैलाने के लिए मर्डर की जिम्मेदारी ली, पुलिस ने युवक को दबोचा
08-Jun-2026 12:30 PM
सनसनी फैलाने के लिए मर्डर की जिम्मेदारी ली, पुलिस ने युवक को दबोचा

मृतक कारोबारी प्रदीप सोनी के भाई को वाट्सएप पर भेजा था मेसैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 8 जून।
कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की लूटपाट के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने उस युवक को गिरफ्तार कर लिया है जिसने व्हाट्सएप संदेश भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। हालांकि शुरुआती जांच और पूछताछ में आरोपी का मुख्य हत्या और लूटकांड से कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक अंबिकापुर निवासी 26 वर्षीय प्रियांशु सिंह ने प्रदीप सोनी के छोटे भाई मनोज सोनी को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर लिखा था कि उसने ही प्रदीप सोनी को गोली मारकर हत्या की है और जो करना है कर लें। यह संदेश मिलते ही परिवार में दहशत फैल गई थी। इसके बाद मनोज सोनी ने पेंड्रा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। मोबाइल नंबर से जुड़े कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान संबंधित नंबर की लोकेशन अंबिकापुर में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में प्रियांशु सिंह ने व्हाट्सएप संदेश भेजने की बात स्वीकार की। अब तक की जांच में उसके और प्रदीप सोनी की हत्या व लूटकांड के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं हो पाया है। पुलिस को देखते ही वह गिड़गिड़ाने लगा और कहा कि उसने बस शरारत के लिए मेसैज भेजा था। उसका हत्या के मामले से कोई संबंध नहीं है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी एक छात्र है और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसने मनोज सोनी का मोबाइल नंबर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हासिल किया था। इसके बाद उसने हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला संदेश भेज दिया।

युवक के दावे के बावजूद पुलिस यह पता करने में जुटी हैं कि आरोपी ने केवल सनसनी फैलाने और चर्चा में आने के लिए ऐसा किया था या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य भी था। शिकायत और जांच के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वहीं दूसरी ओर, 26 मई को कोटमी साप्ताहिक बाजार में हुई सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूटपाट के वास्तविक आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले में अब तक चार लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, हालांकि बिहार और झारखंड के शूटर नहीं पकड़े जा सके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

 


अन्य पोस्ट