ताजा खबर
पुलिस ने 45 हजार रुपये कराए फ्रीज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 8 जून। जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। एक महिला शिक्षिका को उनके परिचित होने का झांसा देकर ठग ने 83 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 45 हजार रुपये फ्रीज करा दिए हैं, जबकि शेष राशि का पता लगाने और आरोपी तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गौरेला थाना क्षेत्र के गुरुकुल इलाके में रहने वाली शिक्षिका मंजुलता एक्का के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने बातचीत की शुरुआत करते हुए पूछा कि क्या वह उसे पहचानती हैं। आवाज और बातचीत के तरीके से शिक्षिका को लगा कि फोन करने वाला उनका कोई परिचित है, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
आरोपी ने खुद को परेशानी में बताते हुए कहा कि उसके तीन परिचित सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं और उनके इलाज के लिए तत्काल पैसों की आवश्यकता है। उसने सहायता के नाम पर तीन लाख रुपये की मांग की। उसकी बातों पर भरोसा करते हुए शिक्षिका ने अलग-अलग किश्तों में फोनपे के माध्यम से आरोपी द्वारा बताए गए खाते में कुल 83 हजार रुपये भेज दिए।
कुछ समय बाद शिक्षिका को संदेह हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उन्होंने तुरंत गौरेला पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने साइबर फ्रॉड से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया के तहत रकम का पता लगाने की कार्रवाई शुरू की। प्रयासों के दौरान 45 हजार रुपये फ्रीज कराने में सफलता मिली।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच की जा रही है ताकि उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई अज्ञात व्यक्ति परिचित बनकर फोन करे और किसी आपात स्थिति का हवाला देकर पैसों की मांग करे, तो पहले उसकी पहचान की पुष्टि अवश्य करें। बिना सत्यापन किसी भी बैंक खाते या डिजिटल भुगतान माध्यम में राशि हस्तांतरित न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।


