ताजा खबर

कुएं बने काल- एक बैलेंस बिगड़ने से गिरा, दूसरे को बेकाबू बैल ने धकेला
08-Jun-2026 12:22 PM
कुएं बने काल- एक बैलेंस बिगड़ने से गिरा, दूसरे को बेकाबू बैल ने धकेला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 8 जून। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण की कुएं में गिरने से मौत हो गई, जबकि दूसरे ग्रामीण की जान उस समय चली गई जब एक बैल को काबू करने की कोशिश में वह सूखे कुएं में जा गिरा।

पहला हादसा गौरेला थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार गांव निवासी हेमलाल टंडिया किसी काम से पड़ोसी गांव गए हुए थे। शाम को घर लौटने के बाद वह अपने घर के पास स्थित कुएं के किनारे बैठकर गुड़ाखू घिर रहा था। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गहरे कुएं में जा गिरे।

कुएं से आवाज आने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल कुएं में उतरकर हेमलाल को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूसरा हादसा हर्राटोला ग्राम पंचायत के सतोकपुर इलाके में हुआ। यहां निवासी लखनलाल कोल अपने बाड़ी से एक नए बैल को रस्सी से बांधकर दूसरे स्थान पर ले जा रहा था। रास्ते में अचानक बैल बेकाबू होकर दौड़ने लगा। लखनलाल ने उसे रोकने के लिए रस्सी को मजबूती से पकड़ रखा था, लेकिन इसी कोशिश में संतुलन बिगड़ गया और वह पास के एक सूखे कुएं में गिर पड़े।

बताया गया कि कुएं के भीतर लगे बोर पाइप से उन्हें गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन जब तक उन्हें निकाला गया तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर गौरेला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।  


अन्य पोस्ट