ताजा खबर

सीएसची से नर्सिंग होम भेजी गई महिला कीऑपरेशन के बाद मौत
08-Jun-2026 12:20 PM
सीएसची से नर्सिंग होम भेजी गई महिला कीऑपरेशन के बाद मौत

कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश, छह डॉक्टरों की टीम ने किया पीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 8 जून। रतनपुर क्षेत्र की एक 50 वर्षीय महिला की बच्चेदानी (यूटेरस) निकालने के ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टर और निजी नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जांच के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार रतनपुर क्षेत्र के पोड़ी नवागांव की निवासी कुमारी बाई साहू लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। 3 जून को पेट दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रतनपुर लेकर पहुंचे। वहां जांच के दौरान बच्चेदानी में समस्या बताई गई और ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई।

परिजनों का आरोप है कि सीएचसी में पदस्थ महिला चिकित्सक डॉ. नेहल झा ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत इलाज कराने के बजाय उन्हें एक निजी नर्सिंग होम जाने के लिए कहा। इसके बाद महिला की सोनोग्राफी बिलासपुर के एक डायग्नोस्टिक सेंटर में कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर बच्चेदानी निकालने के लिए ऑपरेशन आवश्यक बताया गया। ऑपरेशन का खर्च 38 हजार रुपये बताया गया, जिसके लिए 15 हजार रुपये अग्रिम जमा कराए गए।

बताया गया कि निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद 6 जून को महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। अस्पताल प्रबंधन ने रक्तचाप कम होने का हवाला देते हुए उन्हें सिम्स रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उस समय तक महिला की हालत बेहद गंभीर थी। परिजनों का यह भी दावा है कि रेफर किए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई और डॉक्टर तथा नर्सिंग होम संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। रविवार को सिम्स में छह डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले की जांच के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निर्देश दिए हैं। सीएमएचओ डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने बताया कि रविवार अवकाश होने के कारण जांच दल का गठन नहीं हो सका। सोमवार को जांच समिति गठित कर पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।


अन्य पोस्ट