ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 7 जून। जिले के भाटापारा में जमानत पर जेल से रिहा हुए नौ आरोपियों का उनके साथियों द्वारा स्वागत करते सार्वजनिक मार्ग पर वाहन रैली निकाली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लिया है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपियों के साथियों ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से लादकर कार और बाइक रैली निकाली गई। सड़कों पर गाडिय़ों का काफिला दौड़ा, नारे लगे और इलाके में शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस वाहन रैली का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम) पर अपलोड किया गया।
क्षेत्र के निवासियों के अनुसार, इस रैली के दौरान सार्वजनिक मार्ग प्रभावित हुआ और कुछ लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।
रील वायरल हुई तो मामला सीधे पुलिस तक पहुंचा। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देश पर भाटापारा पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने, आम जनता में भय का माहौल बनाने और सामाजिक शांति प्रभावित करने के आरोप में इन सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त, रैली में उपयोग किए गए वाहनों को चिन्हित कर पुलिस द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों के उल्लंघन के तहत भी कार्रवाई की गई है।


