ताजा खबर

22 लाख से अधिक वृद्धजनों, विधवाओं व द्विव्यांगो को 5 माह से पेंशन नहीं
07-Jun-2026 4:56 PM
22 लाख से  अधिक वृद्धजनों, विधवाओं व द्विव्यांगो को 5 माह से  पेंशन नहीं

राशि दिलाने अकबर ने राज्यपाल को लिखा पत्र

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर , 7 जून । छत्तीसगढ़ में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन तथा सभी प्रकार के सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि पेंशनधारियों को पिछले कई माह से नहीं मिल पा रही है। इसे लेकर पूर्व मंत्री व मोहम्मद अकबर ने राज्यपाल को पत्र लिख बकाया पेंशन राशि तत्काल दिलाने का आग्रह किया है। 

राज्यपाल रमन डेका को लिखे पत्र में अकबर ने कहा है कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन,दिव्यांग पेंशन के साथ साथ सभी प्रकार के सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि केन्द्र एवं राज्य सरकार के राज्यांशों से प्रदत्त की जाती है। प्रदेश के लगभग 22,70,000 पेंशनधारियों को पिछले लगभग पांच माह से पेंशन राशि नहीं मिलने से वे दर-दर भटक रहे है। कमरतोड़ महंगाई के चलते इन गरीबों का गुजारा बड़ी मुश्किल से हो रहा है। अब तो फूटी कौड़ी भी अपने पास न होने से इन लोोगों के समक्ष भूखे मरने की नौबत है। भीषण गर्मी में ये लोग अपनी गुहार लेकर शासकीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे है। सुशासन तिहार के शिविर में मिल रहे आवेदनों व शिकायतों में सर्वाधिक संख्या पेंशन की राशि के लिए भटक रहे इन हितग्राहियों की है। इन सभी को सुशासन तिहार में शामिल करने की आवश्यकता है। यदि सुशासन तिहार समय अवधि में इनको पेंशन प्राप्त नहीं हुआ तो सुशासन की अवधि समाप्त होने पर और किसी का ध्यान इस ओर नहीं जाएगा। इसलिए समय रहते इनको पेन्शन राशि का भुगतान कर दिया जाना चाहिए।

उन्होंने  कहा है कि ‘संविधान के अनुच्छेद 154 में राज्य की कार्यपालिका शक्ति परिभाषित की गई है। जिसके अनुसार राज्य की कार्यपालिका शक्ति राज्यपाल में निहित होगी और वह इसका प्रयोग इस संविधान के अनुसार स्वयं या अपने अधीनस्थ अधिकारियों के द्वारा करेगें।


अन्य पोस्ट