ताजा खबर

कोलकाता मेयर के इस्तीफ़े और पार्षदों की गिरफ़्तारी के बीच ममता बनर्जी ने बुलाई बैठक
07-Jun-2026 12:26 PM
कोलकाता मेयर के इस्तीफ़े और पार्षदों की गिरफ़्तारी के बीच ममता बनर्जी ने बुलाई बैठक

-प्रभाकर मणि तिवारी

कोलकाता नगर निगम से मेयर फिरहाद हकीम के इस्तीफ़े के बाद बने हालात में आगे की रणनीति तय करने के लिए ममता बनर्जी ने रविवार शाम को अपने आवास पर तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों की बैठक बुलाई है.

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सूत्रों ने इसकी जानकारी दी.

टीएमसी के एक नेता ने बताया कि इस बैठक में मेयर पद के अगले उम्मीदवार का चयन किया जा सकता है. फ़िलहाल निगम में पार्टी के 136 पार्षद हैं. लेकिन राजनीतिक हलकों में इस बैठक में तमाम पार्षदों के शामिल होने पर आशंका जताई जा रही है.

हाल में पार्टी के 58 विधायकों ने बगावत कर दी है. हकीम ने बीते शुक्रवार को इस्तीफ़ा दिया था. फ़िलहाल पार्टी ने यह तय नहीं किया है कि वो मेयर पद के लिए किसी को चुनेगी या नहीं. इससे बैठक के एजेंडे पर कयास लगाए जा रहे हैं.

हकीम के इस्तीफ़े के बाद नगर निगम बोर्ड के भंग होने का ख़तरा भी पैदा हो गया है.

इसकी वजह राज्य सरकार की ओर से भेजा गया वह नोटिस है जिसमें कहा गया है कि मेयर के इस्तीफ़े के बाद नगर निगम बोर्ड को भंग क्यों न कर दिया जाए. निगम से तीन दिनों के भीतर इसका जवाब मांगा गया है.

ममता बनर्जी को सोमवार को इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए रविवार रात को ही दिल्ली जाना है. उससे पहले नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक में भावी रणनीति तय करने की योजना बनाई गई है.

तृणमूल कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि फिरहाद का उत्तराधिकारी बनने वाले नेता को काम करने के लिए मुश्किल से छह महीने का समय मिलेगा. दिसंबर में निगम के चुनाव होने हैं.

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों की गिरफ़्तारी का सिलसिला तेज़ हो रहा है.

शनिवार को पार्षद सौरव घोष के गिरफ़्तार होने के साथ ही यह संख्या बढ़कर सात हो गई है. इससे पहले बुधवार को पार्षद बाप्पादित्य दासगुप्ता को भी गिरफ़्तार कर लिया गया था.

इसके अलावा रविवार को सुबह ही जोड़ासांको के तृणमूल पार्षद जसीमुद्दीन के आवास पर भी पुलिस और केंद्रीय बल के जवान पहुंचे हैं. उनकी गिरफ़्तारी की भी आशंका जताई जा रही है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट