ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 6 जून। कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना कोयलीबेड़ा अंतर्गत ग्राम गटटाकाल के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लगभग 3 किलोग्राम वजनी एक प्रेशर कुकर बम बरामद किया। समय रहते विस्फोटक मिलने से संभावित बड़ी घटना टल गई।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में जिले के संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 6 जून को जिला पुलिस, बीएसएफ एवं बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने गटटाकाल के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक प्रेशर कुकर ढ्ढश्वष्ठ बरामद किया गया। बाद में बीडीएस टीम ने मौके पर ही इसे डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।
कांकेर पुलिस के अनुसार नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा बलों की सतत कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


