ताजा खबर
डेढ़ करोड़ मासिक ट्रांजेक्शन का खुलासा, 23 लाख के आभूषण समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जून। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। थाना छावनी पुलिस की सटीक सूचना और रणनीतिक कार्रवाई के चलते नागपुर में संचालित ऑनलाइन सट्टा सेंटर पर छापा मार कर मुख्य मास्टरमाइंड सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता (29 वर्ष), निवासी गणेश चौक, कैम्प-2 भिलाई, लंबे समय से विभिन्न राज्यों में ठिकाने बदल-बदलकर ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। आरोपी "C-B क्रिकेट बज बेटिंग ऐप" और "रूबीबेट" जैसे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा नेटवर्क चला रहा था।
नागपुर में किराए के मकान से चल रहा था सट्टा सेंटर
जांच में खुलासा हुआ कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने महाराष्ट्र के नागपुर में किराए का मकान लेकर वहां उत्तर प्रदेश और बिहार के युवकों को संगठित कर ऑनलाइन सट्टा संचालन का नेटवर्क खड़ा किया था। आरोपी युवकों को वेतन देकर डिपॉजिट, विड्रॉल, आईडी मैनेजमेंट और तकनीकी कार्यों में लगाया गया था।
दुर्ग पुलिस की विशेष टीम ने नागपुर में दबिश देकर 8 सहयोगियों को ऑनलाइन सट्टा संचालन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
हर महीने डेढ़ करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये का ऑनलाइन लेन-देन करता था। इस हिसाब से हर महीने लगभग 1.50 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन किया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे वित्तीय नेटवर्क और अवैध कमाई के स्रोतों की गहन जांच कर रही है।
फर्जी बैंक खाते, एटीएम और सिम कार्ड का इस्तेमाल
जांच में पता चला कि ऑनलाइन सट्टे से अर्जित रकम को छिपाने और ट्रांसफर करने के लिए फर्जी एवं बेईमानीपूर्वक प्राप्त बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम कार्ड का उपयोग किया जा रहा था। रकम को कई खातों के माध्यम से ट्रांसफर कर वास्तविक लाभार्थियों की पहचान छिपाई जाती थी।
23 लाख के सोने और डायमंड के आभूषण जब्त
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता ने ऑनलाइन सट्टे से अर्जित अवैध धन से महंगे आभूषण खरीदे थे। पुलिस ने भिलाई स्थित एक ज्वेलरी प्रतिष्ठान से लगभग 15 तोला सोना और डायमंड मिश्रित आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त?
दुर्ग पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं—
26 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
03 लैपटॉप
02 आईपैड
85 एटीएम कार्ड
18 बैंक पासबुक
45 सिम कार्ड
19 पावर बैंक
19 एक्सटेंशन बोर्ड
02 चेकबुक
आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज
हिसाब-किताब रजिस्टर
1.54 लाख रुपये नकद
23 लाख रुपये मूल्य के सोने एवं डायमंड के आभूषण
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
थाना छावनी में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 7, बीएनएस की धारा 112, 61(2), 317(2), 317(3), 317(4) तथा टेलीकॉम अधिनियम की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों के युवक भी शामिल हैं, जो ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।



