ताजा खबर
800 पेटी में ट्रक में भरा था
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून। मोहला-मानपुर पुलिस ने शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान अवैध शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है।
दोपहर को पुलिस ने मानपुर के एसडीएम कार्यालय के सामने से गुजर रहे ट्रक को जब रोका तो उसमें शराब की एक बड़ी खेप भरी थी।
पुलिस को देखकर ट्रक चालक बलराम सिंग डांगी भागने लगा। दौड़ाकर पुलिस ने जब उसे पकड़ा, तब भारी मात्रा में शराब के महाराष्ट्र के चंद्रपुर ले जाने की जानकारी दी।
राजनांदगांव रेंज आईजी बालाजी राव ने बताया कि जब्त शराब की कीमत लगभग 70 लाख आंकी गई है। ट्रक में करीब 800 पेटी विभिन्न ब्रांड की शराब है। ट्रक चालक मध्यप्रदेश निर्मित शराब को चंद्रपुर ले जा रहा था। इस बीच मोहला-मानपुर पुलिस को अवैध शराब ले जाने की भनक लग गई।
बताया जाता है कि उक्त शराब को मध्यप्रदेश के पांढुरना जिले के मुलताई से लोड़ कर नागपुर, देवरी, अंबागढ़ चौकी के रास्ते मोहला-मानपुर से औंधी होकर चंद्रपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ट्रक चालक से कड़ी पूछताछ कर अवैध शराब के गोरखधंधे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।


