ताजा खबर

दशगात्र में शामिल होने आए दो मासूम भाइयों की तालाब में डूबकर मौत
06-Jun-2026 1:42 PM
दशगात्र में शामिल होने आए दो मासूम भाइयों की तालाब में डूबकर मौत

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 6 जून। सीपत थाना क्षेत्र के नरगोड़ा गांव में शुक्रवार सुबह अपने दादा के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली से आए दो सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई।  

मृतक बच्चे ऋषभ कुमार खरे (11 वर्ष) और रितेश कुमार खरे (13 वर्ष) नरगोड़ा निवासी किशोर कुमार खरे के पुत्र थे। किशोर दिल्ली में मजदूरी करते हैं और उनका परिवार वहीं रहता है। दादा के निधन के बाद आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने पूरा परिवार गुरुवार को गांव पहुंचा था।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे दोनों भाई अपने मित्र निहाल के साथ गांव के नए तालाब में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय दोनों अनजाने में तालाब के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। तालाब किनारे बैठा निहाल उन्हें बचा नहीं सका और मदद के लिए शोर मचाया। आसपास कोई नहीं होने पर वह दौड़कर उनके घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण तालाब की ओर भागे। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे गुरुवार को भी परिजनों के साथ इसी तालाब में गए थे। शुक्रवार को गर्मी अधिक होने के कारण वे फिर नहाने पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों को तैरना नहीं आता था। इसी वजह से गहरे पानी में जाने पर वे खुद को संभाल नहीं सके।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जिस घर में दशगात्र की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अचानक दो और अर्थियां उठने की नौबत आ गई। घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।

 


अन्य पोस्ट