ताजा खबर
बिलासपुर, रायपुर, नागपुर रेल मंडलों में भी चला अभियान
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 6 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने व्यापक वृक्षारोपण एवं जागरूकता अभियान चलाया। 15 मई से 5 जून तक आयोजित अभियान-2026 का समापन बड़े पैमाने पर पौधारोपण और जनभागीदारी कार्यक्रमों के साथ हुआ।
बिलासपुर स्थित लोको कॉलोनी में नवनिर्मित सामुदायिक केंद्र रेल संस्कृति निकेतन का उद्घाटन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया। इसके बाद उन्होंने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
अभियान का दूसरा प्रमुख कार्यक्रम बिलासपुर के मधुबन उद्यान में आयोजित किया गया, जहां करीब 500 फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर स्काउट्स एवं गाइड्स, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन एम्बुलेंस के स्वयंसेवकों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पर्यावरण संरक्षण विषय पर बच्चों और रेलवे कर्मचारियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए प्रकृति संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
रेलवे के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों में स्थित कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और प्रमुख स्टेशनों पर 20 हजार से अधिक पौधे लगाए गए। इसके अलावा प्लास्टिक संग्रह अभियान, स्वच्छता अभियान, कार्यशालाएं, नुक्कड़ नाटक, निबंध, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।
अपने संबोधन में तरुण प्रकाश ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए ऊर्जा संरक्षण, जल बचत, प्लास्टिक उपयोग में कमी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।


