ताजा खबर
जर्मनी की राजधानी बर्लिन के नोएकोल्न इलाके में स्थित 'श्री गणेश हिंदू मंदिर' को 20 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आम जनता के लिए खोल दिया गया है. इस भव्य मंदिर के कपाट इस शुक्रवार और आने वाले वीकेंड पर विशेष रूप से खोले गए हैं. मंदिर प्रबंधन और एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यहां गैर-हिंदुओं का भी पूरे दिल से स्वागत है.
इस अवसर पर मंदिर में कई दिनों तक चलने वाला पारंपरिक हिंदू अभिषेक समारोह "महा कुंभाभिषेकम" आयोजित किया जा रहा है, जो आगामी 7 जून तक चलेगा. यह मंदिर हिंदू देवता श्री गणेश को समर्पित है. उद्घाटन के इस खास मौके पर शुक्रवार और शनिवार की शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं.
इस भव्य मंदिर के निर्माण में करीब 11 लाख यूरो की लागत आई है, जिसे मुख्य रूप से श्रद्धालुओं के दान और स्वयंसेवकों के योगदान से जुटाया गया है. मंदिर का निर्माण कराने वाली मुख्य समिति में तमिल और दक्षिण एशियाई मूल के सदस्य शामिल हैं, जिन्होंने सालों की मेहनत से इस प्रोजेक्ट को साकार किया है.
मंदिर के निर्माताओं का मानना है कि यह स्थान न केवल हिंदू समुदाय के लिए आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि अन्य धर्मों के लोगों को भी हिंदू संस्कृति और दर्शन को समझने का एक नया नजरिया देगा. (dw.com/hi)


