ताजा खबर
भारत और अमेरिका जुलाई के मध्य तक अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से यह बात कही. उन्होंने बताया कि समझौते के शुरुआती चरण को अंतिम रूप देने के लिए दोनों देशों के अधिकारी चर्चा कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि अगले महीने के मध्य तक हम एक बेहतरीन पहला चरण लागू करने की स्थिति में होंगे.”
व्यापार समझौते पर बातचीत करने के लिए अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल भारत भी आया था. 2 से 4 जून तक दोनों पक्षों के बीच लंबी चर्चाएं हुईं. पीयूष गोयल ने संकेत दिया है कि शुरुआती व्यापार समझौते के बाकी हिस्सों को ठोस रूप देने के लिए आने वाले हफ्तों में उच्च-स्तरीय बातचीत भी होगी. उनका कहना है कि इस चरण से भारत को प्रतिस्पर्धियों की तुलना में बेहतर पहुंच मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस महीने के अंत तक एक और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत आ सकता है. (dw.com/hi)


