ताजा खबर
रायपुर, 6 जून। सोशल मीडिया इंस्टाग्राम में एक वीडियो वायरल है। यह वीडियो पार्टी के लिए आमंत्रित करने वाला प्रमोशनल वीडियो है। इसमें एक युवक और युवती खुले एसयूवी में साउंड सिस्टम, लैपटॉप आपरेट करते दिखाई दे रहे हैं। यह सड़क नवा रायपुर की है।ये दोनों आफ्टर ग्लो यूफोरिया लार्ड ऑफ ड्रिंक
(एलओडी मिडो) पार्टी का प्रमोशन कर रहे हैं। दोनों थार का सनरूफ खोलकर सड़क पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। यह पार्टी आज शाम ही 5 बजे से एयरपोर्ट रोड पर स्थित ओमाया गार्डन में होने जा रहा है।
इस प्रचार को लेकर वीडियो के टैग लाइन में लिखा है कि रायपुर में क्लब्स का स्केन (जांच) चल रहा है तो हमने सोचा सड़कों पे ही वाइब कर लेते हैं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए लोगों का कहना है कि यह राजधानी में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाता वीडियो है। नवा रायपुर पूरा सीसीटीवी कैमरों से लैस होने के बाद भी अब तक इन पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि उन्हें भी वीडियो कल रात ही मिला है छानबीन की जा रही है।


