ताजा खबर

सुशासन त्योहार में लोगों को रोकने के विरोध में प्रदर्शन
05-Jun-2026 6:24 PM
सुशासन त्योहार में लोगों को रोकने के विरोध में प्रदर्शन

कांग्रेस का आरोप 

'छत्तीसगढ़' संवाददाता 

रायपुर, 5 जून। शहर जिला कांग्रेस ने देवपुरी में आयोजित सुशासन त्योहार शिविर में हितग्राहियों को प्रवेश नहीं देने और जनसमस्याओं के निराकरण में विफल रहने के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शिविर जनसमस्याओं के समाधान के बजाय भाजपा जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन का माध्यम बन गए हैं।

प्रदर्शन में देवपुरी, डुमरतराई, लालपुर, बोरियाखुर्द, अमलीडीह, पुरैना और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सफाई व्यवस्था, सड़क-नाली की समस्याओं तथा बढ़ाए गए यूजर चार्ज के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि महंगाई के दौर में सरकार लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि प्रशासन जनआक्रोश से डरकर लोगों को शिविर तक नहीं पहुंचने दे रहा है। पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने भाजपा नेताओं पर भ्रष्टाचार और जनता की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। वहीं पंकज शर्मा और राजेंद्र पप्पू बंजारे ने क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं तथा बढ़ते अपराधों के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहराया।

करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान एसडीएम, पुलिस अधिकारियों और नगर निगम के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट