ताजा खबर

पुराने विस भवन में शुरू होगा निफ्ट का कैंपस
05-Jun-2026 5:33 PM
पुराने विस भवन में शुरू होगा निफ्ट का कैंपस

भवन हस्तांतरण पर बनी सहमति, जल्द जारी हो सकते हैं आदेश

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 5 जून। विधानसभा के पुराने भवन में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) का कैंपस शुरू होगा। निफ्ट के लिए भवन को केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय को देने पर सहमति बन गई है। इस संबंध में जल्द ही विधिवत आदेश जारी किए जा सकते हैं।

विधानसभा सचिवालय के एक सीनियर अफसर ने 'छत्तीसगढ़' से चर्चा में बताया कि विधानसभा सचिवालय के नवा रायपुर स्थित नए भवन में स्थानांतरित होने के बाद पुराना भवन अब भी विधानसभा सचिवालय के आधिपत्य में है। इस भवन को केंद्रीय संस्थान निफ्ट (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी) के लिए देने पर सहमति बन गई है। इसके लिए जल्द आदेश जारी होने की संभावना है।

बताया गया कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को निफ्ट की स्थापना के लिए प्रस्ताव भेजा था, जिस पर केंद्र सरकार ने सहमति दे दी है। निफ्ट के वरिष्ठ अधिकारी रायपुर आकर पुराने विधानसभा भवन का अवलोकन भी कर चुके हैं। उन्होंने इस भवन को निफ्ट संचालन के लिए उपयुक्त माना है। इसके बाद राज्य सरकार ने भवन निफ्ट को उपलब्ध कराने पर सहमति दे दी है।

 

गौरतलब है कि यह भवन मूल रूप से राष्ट्रीय भू-जल संस्थान का था, जिसे राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपयोग के लिए दिया गया था।

निफ्ट के देशभर में वर्तमान में 19 कैंपस संचालित हैं। इनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, गांधीनगर और भोपाल सहित अन्य शहर शामिल हैं। रायपुर में निफ्ट का 20वां कैंपस शुरू होगा। बताया जा रहा है कि अगले शैक्षणिक सत्र से रायपुर कैंपस में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

निफ्ट में फैशन मैनेजमेंट, फैशन टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अलग से प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है।


अन्य पोस्ट