ताजा खबर

ग्रोक की नकली बिकिनी तस्वीरों को लेकर मस्क की कंपनी पर मुकदमा कर रही हैं ब्रिटिश सांसद
04-Jun-2026 8:56 PM
ग्रोक की नकली बिकिनी तस्वीरों को लेकर मस्क की कंपनी पर मुकदमा कर रही हैं ब्रिटिश सांसद

लंदन, 4 जून। ब्रिटेन की एक सांसद ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह एलन मस्क की कंपनी ‘एक्स एआई’ पर निजता में दखल देने का मुकदमा दर्ज करा रही हैं। उनका आरोप है कि ग्रोक चैटबॉट का इस्तेमाल करके उनकी नकली तस्वीरें बनाई गईं।

सत्तारूढ़ लेबर पार्टी की सांसद जेस असाटो का कहना है कि जनवरी में जब उन्होंने ऑनलाइन डीपफेक पोर्नोग्राफी के फैलने की आलोचना की थी, तो किसी ने उनकी सहमति के बिना ग्रोक का इस्तेमाल करके बिकिनी में उनकी नकली तस्वीरें बनाईं।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने कहा कि वह असाटो की कानूनी कार्रवाई का शत-प्रतिशत समर्थन करते हैं।

असाटो ने बुधवार को लंदन के उच्च न्यायालय में डेटा संरक्षण कानून के तहत निजी जानकारी के गलत इस्तेमाल का हवाला देते हुए मुकदमा दायर करने के लिए आवेदन किया।

वह हर्जाना मांग रही हैं और उनका कहना है कि वह एक मिसाल कायम करना चाहती हैं कि कंपनियों को उनकी एआई प्रणाली के डिजाइन के लिए जिम्मेदार ठहराया जा सके।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी सड़क पर मेरे पास आकर मुझे निर्वस्त्र नहीं कर सकता और मुझे बिकिनी नहीं पहना सकता। मुझे समझ नहीं आता कि कोई मेरे साथ ऑनलाइन ऐसा क्यों कर सकता है ?’’

सांसद ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है जैसे किसी ने मेरी सहमति के बिना मुझे डिजिटली निर्वस्त्र कर दिया हो।’’

प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने कहा कि वह असाटो की कानूनी कार्रवाई का शत-प्रतिशत समर्थन करते हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जेस असाटो जो कदम उठा रही हैं, उसमें वह पूरी तरह सही हैं।’’

मस्क की कंपनी ने डीपफेक पोर्नोग्राफी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश के बाद जनवरी में कहा था कि वह ग्रोक के उपयोगकर्ताओं को लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर उन्हें निर्वस्त्र दर्शाने वाली नकली तस्वीरें नहीं बनाने देगी।

‘एक्स एआई’ ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया के अनुरोध पर तत्काल जवाब नहीं दिया। (एपी)


अन्य पोस्ट