ताजा खबर

खाद संकट : सिलयारी में किसानों का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी
04-Jun-2026 4:53 PM
खाद संकट : सिलयारी में किसानों का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

रायपुर, 4 जून। खाद की कमी को लेकर सिलयारी क्षेत्र में किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सिलयारी, कुरूद और तरेसर के किसानों ने समिति के सामने प्रदर्शन कर खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की। किसानों ने समिति प्रबंधक के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पिछले वर्ष की तरह खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो चक्काजाम सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा।

किसान नेता एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष उधोराम वर्मा ने कहा कि प्रदेश में खाद किसानों की सबसे गंभीर समस्या बन गई है। उनका आरोप है कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष किसानों को एग्री-स्टैक पोर्टल में पंजीयन, गिरदावरी, अनावरी रिपोर्ट तथा ऑनलाइन-ऑफलाइन टोकन जैसी प्रक्रियाओं के कारण धान बेचने में भारी दिक्कतें हुईं और बड़ी संख्या में किसान धान बेचने से वंचित रह गए।

उधोराम वर्मा ने आरोप लगाया कि अब किसानों को पर्याप्त खाद नहीं देकर उत्पादन कम करने की कोशिश की जा रही है, ताकि सरकार को कम धान खरीदना पड़े। उन्होंने कहा कि किसान समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निर्धारित मात्रा से कम खाद दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पहले किसान प्रति एकड़ लगभग एक बोरी डीएपी, दो बोरी यूरिया और 30 से 40 किलो पोटाश का उपयोग करते थे, जबकि अब केवल 25 किलो डीएपी, एक बोरी यूरिया और 15 किलो पोटाश दिया जा रहा है। उनका दावा है कि इससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

किसान नेताओं का आरोप है कि जहां सहकारी समितियों में खाद की कमी बताई जा रही है, वहीं निजी खाद दुकानों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है और किसानों को ऊंचे दामों पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि डीएपी और यूरिया निर्धारित कीमत से कहीं अधिक दरों पर बेचे जा रहे हैं, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उधोराम वर्मा ने मांग की कि किसानों को पूर्व वर्षों की तरह प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी, दो बोरी यूरिया, एक बोरी पोटाश और दो बोरी राखड़ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को दो किस्तों में खाद देने की व्यवस्था समाप्त करने तथा निजी खाद दुकानों में भी सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन में किसान नेता उधोराम वर्मा, रूपचंद वर्मा, लोकनाथ साहू, तिलक वर्मा, सुखचंद साहू, प्रेमलाल निषाद, प्रकाश ठाकुर, तुलाराम, घनश्याम वर्मा, कन्हैया यादव, सुरेश वर्मा, शेखर यादव, कुमार सेन, दौलत बघेल, मनोज शर्मा, प्रेम मांडे, विजय जायसवाल, रामकुमार वर्मा, विजय चेलक सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट