ताजा खबर

पीएससी भर्ती घोटाला : ईडी जांच का बढ़ेगा दायरा
04-Jun-2026 4:48 PM
पीएससी भर्ती घोटाला : ईडी जांच का बढ़ेगा दायरा

अन्य भर्तियां भी जांच के घेरे में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 जून। पीएससी की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और  लेन-देन की जांच कर रही ईडी का दायरा आने वाले दिनों में और बढ़ेगा। बताया गया कि ईडी केवल वर्ष 2021 की राज्य सेवा परीक्षा ही नहीं, बल्कि इससे पहले और बाद में हुई अन्य भर्तियों में भी अनियमितताओं की पड़ताल कर सकती है।

राज्य सरकार ने पीएससी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच सीबीआई से कराने का निर्णय लिया था। सीबीआई फिलहाल वर्ष 2021 की राज्य सेवा भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। इस मामले में पीएससी के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव, परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक और सहायक परीक्षा नियंत्रक ललित गनवीर जेल में हैं।

जांच के दौरान पेपर लीक और कथित लेन-देन के साक्ष्य सामने आने के बाद ईडी की एंट्री हुई। ईडी ने बुधवार को पूर्व अध्यक्ष सोनवानी, जीवन किशोर ध्रुव और अन्य संबंधित लोगों के कुल नौ ठिकानों पर छापेमारी की।

सूत्रों के मुताबिक ईडी की जांच अन्य भर्ती प्रक्रियाओं तक भी पहुंच सकती है। संस्कृति विभाग समेत कुछ अन्य विभागों में हुई भर्तियों में गड़बड़ी की शिकायतें ईओडब्ल्यूऔर एसीबी को मिली थीं। इन शिकायतों की जांच जारी है, हालांकि इसकी रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बताई जा रही है।

ईओडब्ल्यू-एसीबी के एक अफसर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि एजेंसी के मैनुअल में इस प्रकार के मामलों की जांच का स्पष्ट प्रावधान नहीं है, लेकिन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पड़ताल की जा रही है। संबंधित विभागों और पीएससी से जवाब मांगे गए हैं। कुछ मामलों में जवाब प्राप्त हो चुके हैं, जबकि कुछ का इंतजार है।

बताया गया कि संस्कृति विभाग में द्वितीय श्रेणी के आधा दर्जन से अधिक पदों पर भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं। यह परीक्षा वर्ष 2023 में आयोजित हुई थी। आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता रही और अपात्र अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया। हालांकि शिकायतों के चलते अब तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं किए गए हैं। मामला हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है।

इस भर्ती प्रक्रिया में नियुक्ति के लिए कथित लेन-देन की गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। इस संबंध में कुछ ऑडियो क्लिप भी चर्चा में रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में लेन-देन के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो ईडी इन मामलों को भी अपने जांच दायरे में शामिल करेगी। बताया जाता है कि ईओडब्ल्यू ने भी एक-दो प्रकरण को सीबीआई को सौंपने के लिए पत्र भी लिखा है।

बहरहाल, आने वाले दिनों में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में ईडी की कार्रवाई और तेज हो सकती है।


अन्य पोस्ट