ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जून। नगरीय निकाय अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा को सफलता मिली है। पांच नगर पंचायतों में तीन पर भाजपा, और दो पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई है।
नगरीय निकाय उपचुनाव में अध्यक्ष और पार्षदों के लिए मतों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई। सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा की शिवनंदनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा के रितेश जायसवाल को जीत हासिल हुई है। यहां चुनाव के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी पर अपराधिक प्रकरण दर्ज होने पर दिग्गज नेताओं प्रदर्शन किया था। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव अनशन पर बैठ गए थे। बावजूद इसके कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल को साढ़े तीन सौ से अधिक वोटों से जीत हासिल हुई है।अलबत्ता, कांग्रेस पार्षद ज्यादा संख्या में जीतकर आए हैं । यहां स्थानीय विधायक ,और सरकार की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की प्रतिष्ठा दांव पर थीं। लक्ष्मी राजवाड़े के अलावा पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल भी प्रचार में जुटे हुए थे।
इसी तरह कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की सरिता मिश्रा ने 754 वोट से जीत हासिल की है। अध्यक्ष पद पहले ही भाजपा के पास था। नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष मिश्रा के निधन के कारण सीट रिक्त हुई थी, और उनकी पत्नी भाजपा प्रत्याशी सरिता मिश्रा ने जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा बरकरार रखा है। सहसपुर लोहारा गृहमंत्री विजय शर्मा के विधानसभा क्षेत्र कवर्धा में आता है।
भाजपा को जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह सीट पर जीत हासिल हुई है। यहां भाजपा के रमेश डड़सेना को करीब साढ़े 8 सौ वोट से जीत हासिल हुई है। राजनांदगांव जिले की घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की फूलमती वर्मा ने भाजपा की करूणा वर्मा को 87 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। खास बात ये है कि फूलवती वर्मा पहले सरपंच थीं, और नगर पंचायत बनने के बाद अपनी पुरानी प्रतिद्वंद्वी श्रीमती करूणा वर्मा को हराकर अध्यक्ष निर्वाचित हुईं हैं। यहां भाजपा पार्षद ज्यादा संख्या में जीतकर आए हैं।
दूसरी तरफ, कांग्रेस ने बालोद जिले के पलारी नगर पंचायत अध्यक्ष पद कब्जा जमाया है। यहां कांग्रेस ने यानेश साहू को 506 वोट से जीत हासिल हुई है। भाजपा प्रत्याशी लखनलाल गुरूपंच के प्रचार के लिए दोनों डिप्टी सीएम अरूण साव और विजय शर्मा भी डटे थे।


